Loading...

Accident / त्रिलोकपुर-कालाअंब मार्ग पर अज्ञात वाहन ने राहगीर को मारी टक्कर, चालक फरार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Accident / सिरमौर के त्रिलोकपुर-कालाअंब सड़क मार्ग पर पैदल अपने कमरे की ओर लौट रहे ब्रजेश को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उसे काफी चोटें आई हैं। आरोप है कि चालक वाहन रोकने के बजाय कालाअंब की ओर फरार हो गया। पुलिस थाना कालाअंब ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिरमौर/कालाअंब

पुलिस को दी शिकायत में ब्रजेश ने बताया कि वह मूल रूप से धारापुर, जिला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में त्रिलोकपुर के झिड़ीवाला में रहता है। कंपनी में छुट्टी होने के कारण वह माता बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में भंडारा ग्रहण करने गया था। शाम को भंडारा ग्रहण करने के बाद वह पैदल सड़क मार्ग से झिड़ीवाला स्थित अपने कमरे की ओर लौट रहा था।

मेला पार्किंग से आगे हुआ हादसा

शिकायत के अनुसार शाम करीब 5:15 बजे ब्रजेश त्रिलोकपुर से कालाअंब जाने वाली सड़क पर मेला पार्किंग से थोड़ा आगे पहुंचा था। इसी दौरान त्रिलोकपुर की ओर से आए एक अज्ञात वाहन ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर गिर गया और उसे काफी चोटें आईं। शिकायत में वाहन की पहचान नहीं हो पाई है।

अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज

आरोप है कि टक्कर मारने के बाद वाहन चालक घटनास्थल पर नहीं रुका और वाहन लेकर कालाअंब की ओर चला गया। पुलिस थाना कालाअंब ने ब्रजेश की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हादसे से जुड़े तथ्यों और अज्ञात वाहन की पहचान को लेकर आगामी जांच कर रही है।

Related Topics: •