अधिकारी व कर्मचारी तय समय अवधि में करें लोगों की समस्याओं का समाधान- सहायक आयुक्त

Officers and employees should solve the problems of the people within the stipulated time- Assistant Commissioner

HNN / बिलासपुर

सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित केंद्रीय जन शिकायत निवारण एवं निगरानी पोर्टल पर प्राप्त विभिन्न विभागों की सभी शिकायतों को जल्द निपटाएं ताकि पोर्टल को अपडेट किया जा सके। सहायक आयुक्त गौरव चौधरी ने राष्ट्रव्यापी सुशासन सप्ताह के अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के तहत बचत भवन में समस्त विभागों के लिए लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत सेवा प्रदान करने के लिए किए जाने वाले कार्यो व इससे संबधित अन्य प्रावधानों के संबध में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए यह विचार व्यक्त किए।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक उपमंडल पर अधिकारियों द्वारा इस अधिनियम के सम्बन्ध में कार्यशाला आयोजित की जा रही हैं। उन्होने बताया कि इन कार्यशालाओं में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों को कार्यों की पूर्ति के लिए निर्धारित समय में सेवाएं प्रदान करने तथा समाधान के एवज में जानकारी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों के सभी कार्य तुरंत पूर्ण हो और शिकायतों का निपटारा तय समय पर किया जाए इसके लिए अधिकारी व कर्मचारी सक्रियता से प्रयास करें।

उन्होंने समय अवधि में कार्य को पूर्ण ना कर पाने पर इस अधिनियम के दंड के प्रावधान के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग ई-समाधान व केंद्रीय जन शिकायत निवारण एवं निगरानी पोर्टल पर उपलब्ध शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं।