Loading...

करवा चौथ पर मेहंदी के रंगों के बीच स्वावलंबन का संदेश, उपमा धीमान ने प्रशिक्षित युवतियों को दिया हुनर दिखाने का मंच

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नाहन में निशुल्क मेहंदी-श्रृंगार कार्यक्रम, यूको आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त युवतियों को प्रतिभा निखारने का मिला अवसर

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केवल प्रशिक्षण देना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें अपने हुनर का प्रदर्शन करने और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाना भी जरूरी है। इसी सोच को साकार करने की दिशा में करवा चौथ के उपलक्ष्य पर नाहन की महलात की घाटी में निशुल्क मेहंदी-श्रृंगार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं ने जहां करवा चौथ के लिए मेहंदी लगवाई, वहीं यूको आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त युवतियों को अपनी कला और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर भी मिला।

नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष उपमा धीमान ने रिबन काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सुबह नौ बजे शुरू हुए इस आयोजन में देर शाम तक महिलाओं और युवतियों की आवाजाही बनी रही। कार्यक्रम में सभी वर्गों की महिलाओं के लिए निशुल्क मेहंदी लगाने और जलपान की व्यवस्था की गई थी।

प्रशिक्षण के साथ अवसर मिलना भी जरूरी : उपमा धीमान

नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान ने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए उनके हुनर को पहचान दिलाना और उसे आगे बढ़ाने के अवसर देना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं यूको आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं और प्रशिक्षण के महत्व को समझती हैं। इसी उद्देश्य से संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त युवतियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हो।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं के स्वाभिमान को मजबूत करने के साथ उनके कौशल में निखार लाने में भी सहायक होते हैं। मेहंदी जैसी कला भी महिलाओं के लिए स्वरोजगार का माध्यम बन सकती है। जरूरत है कि उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच और प्रोत्साहन मिले। उन्होंने इस पहल के लिए यूको आरसेटी के निदेशक का आभार व्यक्त किया और कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ने के ऐसे अवसर मिलते रहने चाहिए।

महिलाओं की प्रतिभा से मजबूत होगा स्वावलंबन

उपमा धीमान ने कहा कि महिलाएं अपनी मेहनत, हुनर और लगन के दम पर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। प्रशिक्षण प्राप्त युवतियों को व्यावहारिक अनुभव और अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलने से उन्हें भविष्य में रोजगार की संभावनाएं तलाशने में मदद मिलेगी। ऐसे प्रयास महिलाओं को अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में रोटरी नाहन सिरमौर हिल क्लब की अध्यक्ष प्रगति सबलोक, डॉ. सुरेश सबलोक, इनर व्हील क्लब की पूर्व अध्यक्ष अलका महिंद्रा, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री प्रमिला ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान महिलाओं ने उत्साह के साथ मेहंदी लगवाई और करवा चौथ की तैयारियों में भाग लिया।