अनियंत्रित होकर कार पर पलटी पिकअप, एक युवक की मौत, 5 घायल

By Ankita Published: 2 Jul 2023, 10:49 AM | Updated: 2 Jul 2023, 10:49 AM 1 min read

HNN/ शिमला

हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे है। मामला राजधानी शिमला के विकासनगर क्षेत्र का है, यहां एक पिकअप अनियंत्रित होकर कार पर पलट गई, जिस कारण एक युवक की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में एक महिला सहित 5 लोग घायल हुए।

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बता दें अनीश कुमार पिता हरिंदर माथुर (22) बिहार निवासी की मौत हो गई है। इसके अलावा सौरभ उपाध्याय (34), सुभाष (34), राजू तिवारी (27), सौरभ सिंह (34) और अंजू (20) घायल हुए है।

जानकारी के मुताबिक, एक पिकअप विकासनगर से पट्टी गांव की तरफ जा रही थी। पिकअप में सामान लोड किया हुआ था और 7 लोग सवार थे। जैसे ही पिकअप पट्टी गांव के समीप पहुंची तो चालक हितेंद्र वाहन से संतुलन खो बैठा और पिकअप लुढ़कते हुए दूसरी सड़क पर खड़ी कार पर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित 5 लोग घायल हुए।

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। वहीं इसमें महिला सहित चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। इसके बाद इस बाबत पुलिस को भी सूचित किया गया। मामले की पुष्टि एएसपी सुनील नेगी ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

Tags: