Accident / मंडी में डंगा गिरने से 200 मीटर नीचे लुढ़का बजरी लदा टिप्पर, चालक की मौत
Accident / मंडी जिले में एनएच-03 धर्मपुर-कोटली-मंडी सड़क पर हवानी के पास डंगा गिरने से बजरी से लदा टिप्पर करीब 200 मीटर नीचे लुढ़क गया। सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुए इस सड़क हादसे में 50 वर्षीय चालक निर्मल सिंह की मौत हो गई। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है।
मंडी/धर्मपुर
जानकारी के अनुसार, टिप्पर बजरी लेकर बरोटी की ओर जा रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान हवानी के पास डंगा गिरने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे चला गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही धर्मपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर दुर्घटना के कारणों से जुड़ी जानकारी जुटाई।
घटनास्थल के पास बिजली लाइन का काम कर रहे ठेकेदार मेहुल तपवाल और उनके साथ मौजूद मजदूरों ने घायल चालक को नीचे से सड़क तक पहुंचाने में सहायता की। इसके बाद निर्मल सिंह को 108 एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक अस्पताल धर्मपुर ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की।