HNN/ शिमला
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे हैं। मामला राजधानी शिमला के ठियोग उपमंडल में बड़ोग इलाके का है। यहां एक कार के खाई में गिरने से एक महिला की जान चली गई है। मृतक महिला की पहचान 52 वर्षीय रेखा पत्नी अमर चंद निवासी बड़ोग के शेनल गांव के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही आईपीसी की धारा 336 व 304 ए के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रेखा अपने पति और भतीजे कैलाश के साथ अपने बगीचे को देखने के लिए गई हुई थी। उन्होंने अपनी गाड़ी को घर से थोड़ा दूर सड़क किनारे पार्क किया हुआ था।
इस दौरान रेखा का पति और भतीजा बगीचा देख रहे थे और रेखा कार में बैठकर उनका इंतजार कर रही थी। अचानक ही गाड़ी खाई में जा गिरी, जिससे महिला बुरी तरह जख्मी हुई। घटना के बाद महिला को तुरंत ठियोग सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्स्कों ने रेखा को मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पहुंचकर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
