अनियंत्रित होकर खाई में गिरी निजी बस, एक दर्जन यात्री……
HNN/शिमला
राजधानी शिमला में आज सुबह एक सड़क हादसा पेश आया है। जहां शिमला-कालका एनएच पर एमएलए क्रॉसिंग के पास एक निजी बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोकल रूट की निजी बस (HP 63B -4539) शिमला से शोघी जा रही थी।
इसी दौरान शिमला-कालका एनएच पर एमएलए क्रॉसिंग के पास मोड़ पर सामने से जा रही एक तेज़ रफ़्तार बाइक को बचाने के चक्कर में बिना पलटे खाए बस खाई में जा गिरी। जिससे कि बस में सवार करीब एक दर्जन यात्री बाल-बाल बच गए। गनीमत यह रही कि पेड़ों ने बस को गिरने से रोक लिया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
वहीं बताया जा रहा है कि हादसे में बाइक सवार घायल हुआ है। जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस व बचाव की टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। एसएचओ पुलिस थाना बालूगंज ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बाइक सवार की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।