अनियंत्रित होकर खाई में गिरा ट्रैक्टर, चालक की मौत
HNN/चंबा
जिला चंबा के उपमंडल चुराह में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। जहां एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान मान सिंह निवासी गांव सुरंगानी तहसील सलूणी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात ट्रैक्टर डुगली से कैला की ओर जा रहा था। इसी दौरान जब वह कैला के पास पहुंचा तो चालक वाहन से संतुलन को बैठा और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। ट्रैक्टर के गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना नकरोड़ की टीम मौके पर पहुंची और घटना के संदर्भ में मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर मामला दर्ज किया। मामले की पुष्टि एसपी चंबा अभिषेक यादव द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।