अनियंत्रित होकर खाई में गिरी पिकअप, दो घायल
HNN/चंबा
जिला चंबा में बकाण-धरवेटा मार्ग पर एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क कर खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान चालक राजेश राणा पुत्र संडेरा डाकघर सामरा तहसील, जिला चंबा और संदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेश राणा और संदीप सिंह पिकअप में सवार होकर बकाण से धरवेटा जा रहे थे। इसी दौरान जब वह जड़ा नामक स्थान पर पहुंचे तो चालक अचानक ही वाहन से संतुलन खो बैठा और पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दोनों पिकअप सवार घायल हो गए।
वाहन गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों खाई से निकाल कर सड़क तक पहुंचाया। जिसके बाद वह उन्हें निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों घायलों को घर भेज दिया गया। वहीं सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।