HNN/ शिमला
राजधानी शिमला के कुमारसेन थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां एक ट्रक के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है। मृतक चालक की पहचान जरनैल सिंह (46) पुत्र संतोष सिंह के रूप में हुई है। वह पंजाब के पटियाला जिला के मासिंगम गांव का रहने वाला था।
दूसरे ट्रक सवार व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक (PB11DA -9093) शिमला से रामपुर की ओर जा रहा था। इस दौरान जैसे ही वह खेखर के पास पहुंचा तो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा दोनों को ट्रक से बाहर निकाला गया तो चालक की तब तक मौत हो चुकी थी। जबकि अन्य ट्रक सवार बेसुध था। अस्पताल पहुँचाने पर उसने भी घावों का ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जाँच में जुटी हुई है।

