HNN/ शिमला
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे हैं। मामला राजधानी शिमला में हरिपुर-क्वानू मीनस मार्ग का है, यहां एक पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है।मृतकों की पहचान रोहित (19) पुत्र दिल बहादुर और मोहन लाल (25) पुत्र रतिराम निवासी चौपाल जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, दो मजदूर चालक के साथ पिकअप गाड़ी में सवार होकर चूना लेकर विकास नगर से चौपाल की तरफ आ रहे थे।
इस दौरान रास्ते में चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और वह खुद गाड़ी से नीचे उतर गया। इसके बाद अचानक ही पिकअप खुद ही चली और अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घटना के बाद इस बाबत तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।

