अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी ऑल्टो कार, डिपो संचालक की मौत
HNN/ चंबा
हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के रजेरा-गागला संपर्क मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में डिपो संचालक की मौत हो गई है।
मृतक की पहचान चमन प्रकाश पुत्र लक्खू राम निवासी गांव गागला डाकघर मैहला जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, चमन प्रकाश डिपो बंद करके ऑल्टो कार में सवार होकर घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रजेरा-गागला संपर्क मार्ग पर अचानक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा उसे मेडिकल काॅलेज चंबा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की पुष्टि एसपी अभिषेक यादव ने की है।