अनियंत्रित होकर चौहड़ा डैम में गिरा सीमेंट से लदा ट्रक, चालक व क्लीनर घायल
HNN/चंबा
जिला चंबा के सुंडला में एक हादसा पेश आया है। जहां सीमेंट से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर चौहड़ा डैम में जा गिरा। हादसे में चालक और क्लीनर घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक नालागढ़ से सरकारी सीमेंट के करीब 250 बैग लेकर सिविल सप्लाई कारपोरेशन के सुंडला स्टोर जा रहा था।
इसी दौरान कोटी और सुंडला के बीच पहुंचते ही चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और ट्रैक अनियंत्रित होकर चौहड़ा डैम में गिर गया। ट्रक के डैम में गिरते ही चालक और क्लीनर ने कूदकर जान बचाई। हादसे में दोनों को चोटें आई हैं। गनीमत रही कि डैम का जलस्तर काफी कम था। जिस कारण चालक ओर क्लीनर तैरकर किनारे तक पहुंचे।
ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए पीएचसी सुंडला पहुंचाया। पीएचसी में चिकित्सक न होने पर दोनों को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों को भर्ती कर लिया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों के बयान दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू की। एसपी अभिषेक यादव द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।