अनियंत्रित होकर दुकान में घुसी तेज रफ्तार कार, चालक बुरी तरह जख्मी
HNN/ बिलासपुर
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। वाहन चालकों की लापरवाही की वजह से प्रदेश में आए दिन कई सड़क हादसे पेश आ रहे है। मामला जिला बिलासपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग 103 पर भगेड़ के पास का है। यहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुकान में जा घुसी।
इस हादसे में चालक बुरी तरह जख्मी हो गया है। चालक को गंभीर हालत में एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। घायल कार चालक की पहचान अभय चंदेल निवासी गांव अबढानीघाट घुमारवीं के रूप में हुई है।
वहीं दुकान के मालिक ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कार बिलासपुर से घुमारवीं की तरफ जा रही थी। इस दौरान भगेड़ चौक पर कार अनियंत्रित होकर दुकान में जा घुसी। हादसे में दुकान का शटर पूरी तरह से टूट गया। साथ ही दुकान के अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
इसके साथ ही दुकान के बाहर रखा गया लकड़ी का एक बड़ा काउंटर और लोहे के एंगल को भी गाड़ी चालक अपने साथ घसीटता हुआ ले गया। हादसे में चालक जख्मी हुआ, जिसे तुरंत स्थानीय लोगों द्वारा अस्पताल ले जाया गया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की । मामले की पुष्टि डीएसपी कुमार में चंद्रपाल सिंह ने की है।