अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, चालक की मौत
HNN/बिलासपुर
जिला बिलासपुर में पुलिस थाना भराड़ी के तहत एक सड़क हादसा पेश आया है। जहां बरोटा पंचायत के छात्र गांव के पास एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान कमलदेव (49) निवासी गांव बरोटा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कमलदेव ट्रैक्टर से लकड़ियां और अन्य सामान लाने के लिए छत्तर गांव की तरफ जा रहा था। इसी दौरान छत्तर गांव से पीछे मोड़ पर चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरा। इस दौरान चालक कमलदेव ट्रैक्टर के नीचे दब गया।
जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत से ट्रैक्टर के नीचे दबे कमलदेव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस थाना भराड़ी की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए घुमारवीं अस्पताल भिजवाया। साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू की। भराड़ी थाना प्रभारी देवानंद द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।