अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई एचआरटीसी बस, 2 कारों को भी पहुंचा नुक्सान
HNN/ चंबा
पठानकोट-चंबा-भरमौर एनएच पर बनीखेत क्षेत्र के सुकड़ाईं बाईं के पास एक सड़क हादसा पेश आया है, यहां एक एचआरटीसी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक को नुक्सान होने के साथ-साथ ट्रक के आगे खड़ी 2 कारों को भी नुक्सान हुआ।
हादसे के बाद कुछ देर तक तो सभी पक्षों में बहस का सिलसिला चलता रहा और कुछ देर बाद सभी पक्षों में समझौता होने के चलते यह मामला पुलिस में दर्ज नहीं हो पाया। जानकारी के मुताबिक, पठानकोट से निगम की बस चंबा जा रही थी। इस दौरान तकनीकी खराबी के चलते बस चालक ने बस को बनीखेत में ही खड़ा कर दिया।
बस में सवार यात्रियों को अन्य बस में बैठाकर चंबा की ओर रवाना किया गया। बस में हुई तकनीकी खराबी को ठीक करवाने के बाद चालक-परिचालक बस को लेकर चंबा लेकर जाने लगे। इस दौरान बनीखेत से करीब 3 किलोमीटर दूर सुकड़ाईं बाईं के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
इसके अलावा 2 अन्य वाहन चपेट में आ गए। इससे वाहनों का भी काफी नुक्सान हुआ। हालाँकि गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है।