अपने भाई की तलाश में गया, तो दूसरी बार हुए भूस्खलन में खो बैठा जान
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण सबसे ज्यादा नुकसान राजधानी शिमला में हुआ है। शिमला के फागली में दो बार हुए भूस्खलन में 5 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि 5 लोगों की जान चली गई है। हादसे में मरने वाले 5 लोगों में एक व्यक्ति सलाउद्दीन बाबर खान था। बता दें कि बाबर खान आकाशवाणी रेडियो शिमला में काम करता था।
जानकारी की अनुसार, सलाउद्दीन बाबर खान अपने भाई को बचाने के लिए गया था। दरअसल, बाबर खान का भाई भूस्खलन होने से मलबे की चपेट में आ गया था। बाबर खान अपने भाई की तलाश करते-करते खुद मलबे में दब गया। जिसके बाद मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की रेस्क्यू टीम के लोगों ने कई लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला।
काफी मुश्किलों के बाद रेस्क्यू टीम को दोपहर बाद बाबर खान का शव बरामद हुआ। जिसकी पहचान इलाके के पूर्व पार्षद संजय सूद ने की। दूसरों की मदद करने और अपने भाई को बचाने के लिए गए बाबर खान ने हादसे में अपनी जान खो दी।