Loading...

अभी डिनोटिफाई नहीं होंगे स्कूल-कॉलेज, मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग से मांगी विस्तृत रिपोर्ट

PRIYANKA THAKUR • 2 Feb 2023 • 1 Min Read

HNN / शिमला

मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को 15 फरवरी, 2023 तक प्रदेश के पहली कक्षा से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों में बच्चों के बैठने की व्यवस्था व स्कूलों के भवन की स्थिति का ब्यौरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बता दे कि हिमाचल में जयराम सरकार के आखिरी आठ महीनों में खोले गए स्कूल और कॉलेजों को अब एकदम डिनोटिफाई नहीं किया जाएगा। राज्य में कांग्रेस सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सचिवालय में आते ही पहले दिन ये आदेश किया था।

इसमें कहा गया था कि पहली अप्रैल, 2022 के बाद सभी निर्णयों की समीक्षा होगी और इस अवधि में नए खुले या अपग्रेड किए गए स्कूल-कॉलेजों को डिनोटिफाई किया जाए, लेकिन अब इस बारे में प्रक्रिया बदल दी गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग को कहा है कि नए खोले गए संस्थानों की एक विस्तृत रिपोर्ट सरकार को पेश की जाए।

गौरतलब है कि जयराम सरकार की आखिरी आठ महीनों में करीब 423 नए स्कूल या तो खुले या अपग्रेड किए गए। इनमें से 194 स्कूल एलिमेंट्री एजुकेशन में अपग्रेड हुए या नए खुले। उच्च शिक्षा विभाग में 130 हाई स्कूल अपग्रेड किए गए, जबकि 99 सीनियर सेकेंडरी स्कूल अपग्रेड हुए। इसके अलावा संस्कृत कॉलेजों को मिलाकर कुल 26 नए डिग्री कॉलेज अप्रैल 2022 के बाद खोले गए हैं।

इनमें टेकओवर किए गए प्राइवेट कॉलेज भी शामिल हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के पहले फैसले से ही इनके बंद होने का खतरा हो गया था। लेकिन अब यह एकदम बंद नहीं होंगे, बल्कि विभाग से रिपोर्ट जाने के बाद ही सरकार इन पर फैसला लेगी।