अवैध खनन करते पकड़े एक पोकलेन और दो टिप्पर, मामला दर्ज
HNN/सोलन
जिला सोलन में पुलिस थाना बद्दी की टीम ने अवैध खनन करते हुए एक पोकलेन मशीन व दो टिप्पर को पकड़ा है। पुलिस ने तीनों चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पोकलेन चालक की पहचान राकेश कुमार निवासी भोगपुर तहसील नालागढ़ और टिप्पर चालकों की पहचान अभिषेक शर्मा निवासी अंबवाला तहसील नालागढ़ और अमन कुमार निवासी गांव गग तहसील नंगल जिला रूपनगर पंजाब के तौर पर हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम ने गश्त के दौरान रत्ता खड्ड में एक पोकलेन मशीन व दो टिप्परों को अवैध खनन करते हुए पकड़ा। जब पुलिस ने पोकलेन व टिप्पर के चालक से खनन करने के संबंध में दस्तावेज दिखाने को कहा तो चालक इस संदर्भ में कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
जिसके बाद पुलिस ने तीनों चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। डीएसपी बद्दी प्रियंक गुप्ता द्वारा खबर की पुष्टि की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी है।