आंगनबाड़ी भवन के लेंटर का प्लास्टर गिरने से सहायिका हुई जख्मी
HNN/ मंडी
जिला मंडी की पंचायत बड़ीधार के गांव कसौन में एक हादसा पेश आया है, यहां आंगनबाड़ी भवन के लेंटर का प्लास्टर गिर गया, जिस कारण सहायिका जख्मी हो गई। वहीं इस हादसे में नौनिहाल बाल-बाल बच गए। घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पदवाहण में उपचार दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों सहित स्टाफ मौजूद था। बाल विकास परियोजना द्रंग स्थित पधर के अधीन कसौन आंगनबाड़ी केंद्र प्राथमिक पाठशाला कसौन के जर्जर भवन में चल रहा है। इस दौरान अचानक ही भवन के लेंटर का प्लास्टर गिर गया।
हादसे के दौरान कार्यकर्ता शकुंतला देवी, सहायिका देवकी देवी सहित सभी नौनिहाल कमरे में मौजूद थे। जिसमें से सहायिका देवकी देवी की बाजू पर चोट आई है। पंचायत प्रतिनिधियों ने केंद्र में तैनात कार्यकर्ताओं सहित नौनिहालों का हाल जाना।
पंचायत उपप्रधान उधम सिंह ने कहा कि भवन को असुरक्षित घोषित करने की मांग की गई है। वहीं, वार्ड सदस्य रेशमा देवी ने हादसे पर रोष जताया है। उपप्रधान उधम ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित भवन में बैठाने का प्रबंध होना चाहिए।
प्राथमिक पाठशाला के पास अन्य कोई कमरा नहीं है। ऐसे में गांव में भी आंगनबाड़ी के लिए भवन का प्रावधान नहीं हो पा रहा है।