आग की भेंट चढ़ा टिकरी का जंगल, देवदार के इतने पौधे जलकर राख…..
HNN/चंबा
जिला चंबा के वन मंडल चुराह के अंतर्गत आने वाला वन बीट टिकरी आग की भेंट चढ़ा गया है। आग की चपेट में आने से देवदार के 8500 पौधे जलकर राख हो चुके हैं। इससे वन विभाग को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत टिकरीगढ़ के छाराढोह नामक जंगल में अचानक ही भयंकर आग भड़क गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वन विभाग के रकबे को भी अपनी चपेट में ले लिया। बता दें कि यहां बरसात में लगाए देवदार के पौधे भी आग की चपेट में आ गए। हालांकि, वन रक्षकों ने पौधों को बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि वह पौधों को बचाने में नाकाम साबित हुए। वहीं इस अग्निकांड में पशुपालकों की घासनी भी आग में जलकर राख हो गई है।
जिससे वन विभाग के साथ-साथ पशुपालकों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। अब पशुपालकों को सर्दियों में अपने मवेशियों के लिए चारा जुटाने की चिंता सता रही है। वहीं जंगल में आग कैसे लगी, इसको लेकर विभाग अभी तक जानकारी नहीं जुटा पाया है। विभाग द्वारा अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी शरारती तत्व ने जंगल में आग लगाई है। टिकरी वन बीट के वन रक्षक नेकराम ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस अग्निकांड को लेकर उच्चाधिकारी को जानकारी दे दी गई है।