Loading...

आग की भेंट चढ़ी पशुशाला व मकान, जिंदा जले छह मवेशी

By PARUL Published: 3 Feb 2024, 1:51 PM | Updated: 3 Feb 2024, 1:58 PM 1 min read

HNN/बिलासपुर

जिला बिलासपुर के उपमंडल सदर में एक अग्निकांड पेश आया है। जहां दयोली गांव में एक पशुशाला और मकान आग की भेंट चढ़ गया। अग्निकांड में अंदर बंधे छह मवेशी जिंदा जल गए। अग्निकांड में पीड़ित दो भाइयों को लाखों का नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक, दयोली के दो भाई चेतराम और भूरी सिंह की दो मंजिला पशुशाला और मकान में अचानक ही चिंगारी सुलग गई।

आग का पता चलते ही परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया। साथ ही अग्निशमन विभाग को सूचना भी दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अग्निकांड में चेतराम की पशुशाला में बंधी एक भैंस, एक कट्ड़ा और भूरी सिंह का एक बकरा जिंदा जल गए।

वहीं दूसरे कमरे में रखी तूड़ी, लकड़ी घास काटने की मशीन भी जल गई। जबकि भूरी सिंह की पशुशाला में बंधी दो भैंस और एक कट्ड़ा जिंदा जल गया। वहीं, साथ वाले कमरे में डबल बेड, कंबल, रजाइयां, बर्तन, ट्रंक में रखे 25 हजार रुपये, गहने सभी जलकर राख हो गए हैं। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। प्रशासन की ओर से आग से हुए नुकसान की रिपोर्ट बनाई जा रही है।