आग की भेंट चढ़ी बर्तन की दुकान और टी स्टाल, लाखों का नुकसान
HNN/चंबा
जिला चंबा में चुराह विधानसभा क्षेत्र के तहत खुशनगरी बाजार में एक अग्निकांड पेश आया है। यहां बर्तन की दुकान और टी स्टाल आग की भेंट चढ़ गए। अग्निकांड में पीड़ित प्यारदीन पुत्र नबिया गांव ब्लूटी ग्राम पंचायत गुवाड़ी को दो लाख का नुकसान हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्यारदीन रोजमर्रा की तरह अपनी बर्तन की दुकान और टी स्टाल को बंद कर अपने घर सोने के लिए चला गया।
देर रात अचानक ही बर्तन की दुकान और टी स्टाल में चिंगारी सुलग गई। दुकान से आग की लपटों को उठता देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना प्यारदीन को दी। सूचन मिलते ही प्यारदीन ग्रामीणों को साथ मौके पर पहुंचा। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डाल कर दुकान के भीतर रखे गैस सिलिंडर को बाहर निकाल कर सुरक्षित जगह पर फेंक दिया।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग को बुझाने के काफी प्रयास किए लेकिन आग पर काबू ना पाया जा जा सका और दुकान तथा टी स्टाल के भीतर रखा सारा समान जलाकर राख हो गया। वहीं सूचना मिलने के बाद उपमंडलाधिकारी नागरिक चुराह के आदेशानुसार राजस्व विभाग की ओर से क्षेत्रीय पटवारी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का दौरा किया और अपनी रिपोर्ट तैयार की।