HNN/बिलासपुर
अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक हुई। इसमें जिले में आधार कार्डों की समीक्षा की गई। एडीसी ने लोगों को अपने आधार कार्ड के साथ अपने मोबाइल नंबर को अपडेट करने का आग्रह किया, ताकि आधार के तहत मिलने वाली विभिन्न योजनाओं की सूचना व अन्य लाभ लोगों को मिल सकें।
अतिरिक्त उपायुक्त निधि पटेल ने जिले के शिक्षा, चिकित्सा और बैंकों व अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सभी संस्थान आधार सेवाओं का शत-प्रतिशत कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अन्य विभागों को भी आधार सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने के निर्देश दिए हैं। कहा कि जो लोग 10 वर्ष पहले आधार कार्ड बनवा चुके हैं और एक बार भी इसे अपडेट नहीं करवाया है उन्हें अपने दस्तावेज आधार में अपडेट करवाने होंगे।
आधार दस्तावेज अपडेट कराने की तारीख यूआईडीएआई ने 14 जून 2024 तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने 0-5 वर्ष के बच्चों का नामांकन कराने की अपील की। 5 से 15 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट करना भी जरूरी है। उन्होंने आग्रह किया कि यदि आधार धारक उपयुक्त आयु सीमा के 2 वर्ष के भीतर बायोमेट्रिक को अपडेट नहीं करता है तो आधार निष्क्रिय हो सकता है।
उन्होंने कहा कि अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेशन 5-7 वर्ष और 15-17 वर्ष की आयु तक निःशुल्क उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त यूआईडीएआई के प्रतिनिधि द्वारा सूचित किया गया कि व्यस्क नागरिकों के आधार कार्ड जिनका आधार कार्ड अब तक नहीं बना है का स्टेट पोर्टल पर ही आवेदन किया जा रहा है। जिले के संदर्भ में स्टेट पोर्टल पर कोई भी आवेदन उपमंडलाधिकारी के स्तर पर सत्यापन के लिए लंबित नहीं है।
इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि ने सूचित किया है कि जिले में चार आधार किट विभिन्न स्कूलों में तैनात की गई हैं। इसमें एक माह में लगभग 1274 बच्चों के आधार कार्ड अपडेट किए जा चुके हैं।

