Loading...

उत्तराखंड प्रशासन व पुलिस ने कुल्हाल क्षेत्र में रोका सिक्ख समुदाय का जत्था

PARUL • 17 Jan 2024 • 1 Min Read

HNN/पांवटा साहिब

हिमाचल-उत्तराखंड की सीमा पर बुधवार को सिक्ख समुदाय के एक जत्थे को कुल्हाल क्षेत्र में पड़ोसी राज्य उत्तराखंड प्रशासन व पुलिस ने रोक दिया। ज्ञान गोदड़ी यात्रा के रूप में यह जत्था दिल्ली से हरिद्वार जा रहा था। करीब एक घंटे तक सिक्ख जत्थे को यहां रोके रखा। इसके बाद जत्थे को प्रशासन ने समझा बुझाकर लौटा दिया।

बताया जा रहा है कि ऑल इंडिया सिक्ख फेडरेशन के अध्यक्ष गुरचरण सिंह बब्बर के नेतृत्व में चल रही ज्ञान गोदड़ी यात्रा बुधवार को हिमाचल के पांवटा साहिब से होते हुए उत्तराखंड की कुल्हाल सीमा पर पहुंची। गुरु गोविंद सिंह जी के 357वें प्रकाशोत्सव पर जत्थे के आने की सूचना उत्तराखंड के प्रशासन को पहले ही मिल गई थी।

लिहाजा, कुल्हाल बैरियर पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए। पुलिस बल ने यात्रा में शामिल लोगों को यमुना नदी पर बने पुल पर ही रोक लिया। ज्ञान गोदड़ी यात्रा का नेतृत्व कर रहे गुरचरण सिंह बब्बर ने कहा कि ज्ञान गोदड़ी गुरुद्वारे की जमीन संगत को सौंपी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस मामले में उनके माध्यम से लगातार प्रदेश सरकार से मामला उठाया जा रहा है, लेकिन सरकार की तरफ से उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिलते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगत शांतिपूर्ण ढंग से हरिद्वार जाकर गुरद्वारे की जमीन पर माथा टेकना चाहती है, लेकिन सरकार हर वर्ष उन्हें व सिक्ख जत्थे को उत्तराखंड की सीमा पर ही रोक देती है।