उद्योग केवल उत्पादन नहीं, समाज निर्माण का भी बने भागीदार : अजय सोलंकी
ब्लू स्टार की पहल से दूरदराज के सरकारी स्कूलों तक पहुंचेगी डिजिटल शिक्षा, विधायक ने हरी झंडी दिखाकर मोबाइल कंप्यूटर वैन को किया रवाना
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
नाहन में उद्योग और शिक्षा के बीच सामाजिक सरोकार की एक नई मिसाल सामने आई है। औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ब्लू स्टार ने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत अब उन सरकारी स्कूलों तक डिजिटल शिक्षा पहुंचाने की पहल की है, जहां आधुनिक तकनीकी संसाधनों की कमी है।

इसी उद्देश्य से तैयार की गई मोबाइल कंप्यूटर वैन (मोबाइल कंप्यूटर लैब) को वीरवार को डीसी कार्यालय परिसर नाहन से विधायक अजय सोलंकी और उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि उद्योगों की भूमिका केवल उत्पादन और रोजगार तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज के निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भागीदारी होनी चाहिए। शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में किया गया निवेश आने वाली पीढ़ियों को मजबूत बनाने का काम करता है।

ब्लू स्टार द्वारा सीएसआर के माध्यम से सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतर उदाहरण है।उन्होंने ब्लू स्टार कंपनी और उसके प्रबंधन का आभार जताते हुए कहा कि कंपनी पिछले तीन वर्षों से क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है।

कंपनी की ओर से अब तक 12 स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित कर विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में जिम्मेदारी उठाई गई है। मोबाइल कंप्यूटर वैन इसी अभियान का अगला महत्वपूर्ण चरण है।
ब्लू स्टार : तकनीकी शिक्षा को हर बच्चे तक पहुंचाना लक्ष्य
ब्लू स्टार के प्लांट हेड गिरीश परुंडेकर ने कंपनी की ओर से कहा कि सीएसआर के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उद्देश्य बच्चों को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के लिए तैयार करना है।

मोबाइल कंप्यूटर वैन के माध्यम से ऐसे सरकारी स्कूलों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल संसाधनों का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर शिक्षा के साथ एआई और डिजिटल तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान बच्चों के आत्मविश्वास और सीखने की क्षमता को बढ़ाने में मदद करेगा।
कंपनी भविष्य में भी शिक्षा और समाज से जुड़े ऐसे प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।कंप्यूटर के साथ एआई टूल्स और डिजिटल स्किल्स की मिलेगी ट्रेनिंगमोबाइल कंप्यूटर वैन में विद्यार्थियों को केवल कंप्यूटर चलाने का पारंपरिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि बदलते तकनीकी दौर के अनुरूप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टूल्स, डिजिटल स्किल्स, फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी तथा एसटीईएम आधारित जीवन कौशल से भी जोड़ा जाएगा।
प्रथम इन्फोटेक फाउंडेशन के ‘ई-एजुकेशन फॉर ऑल’ कार्यक्रम के सहयोग से संचालित होने वाली यह पहल सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है। इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में पढ़ने वाले बच्चों को भी आधुनिक डिजिटल संसाधनों और तकनीकी ज्ञान से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
तीन साल तक स्कूलों तक पहुंचेगी मोबाइल लैब
यह मोबाइल कंप्यूटर लैब आगामी तीन वर्षों तक निर्धारित स्कूलों में नियमित रूप से सेवाएं देगी। शुरुआती चरण में वैन कैंट स्कूल, मोगीनंद और सैनवाला स्कूल में पहुंचेगी। इसके लिए साप्ताहिक शेड्यूल तैयार किया गया है, जिसके अनुसार वैन अलग-अलग स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों की कक्षाएं लेगी। पढ़ाए गए विषयों का समय-समय पर रिवीजन भी करवाया जाएगा, ताकि डिजिटल शिक्षा केवल एक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि विद्यार्थियों की नियमित सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा बने।
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष उपमा धीमान, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री प्रमिला ठाकुर, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर, पार्षद नरेंद्र तोमर सहित ब्लू स्टार कंपनी के प्लांट हेड गिरीश परुंडेकर, एचआर हेड वीरेंद्र सिंह चंदेल, जगदीश ठाकुर और संदीप शर्मा मौजूद रहे।
सीएसआर से डिजिटल खाई पाटने की पहलब्लू स्टार की यह पहल सीएसआर गतिविधियों को केवल संसाधन उपलब्ध कराने तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी दुनिया के लिए तैयार करने से जोड़ती है।
ग्रामीण सरकारी स्कूलों तक पहुंचने वाली यह मोबाइल लैब आधुनिक डिजिटल शिक्षा की पहुंच बढ़ाने और संसाधन सीमित स्कूलों के विद्यार्थियों को तकनीक के समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।