Loading...

उपडाकघर और डेयरी में लगाई सेंध, देसी घी समेत नकदी लेकर हुए फरार, मामला दर्ज

PARUL • 22 Dec 2023 • 1 Min Read

HNN/काँगड़ा

जिला काँगड़ा में उपतहसील राजा का तालाब में चोरों द्वारा दो अलग-अलग जगह चोरी किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। चोरों को जब एक जगह से कुछ भी नहीं मिला तो उन्होंने दूसरी जगह पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, राजा का तालाब के उपडाकघर में पीछे की तरफ से चोरों ने खिड़की को उखाड़कर अंदर घुसकर नकदी ढूंढने की कोशिश की है लेकिन उन्हें वहां से कुछ भी नहीं मिला।

जिसके बाद ज्वाली रोड पर स्थित वैष्णो डेयरी में भी उसी तरह पीछे लगे दरवाजे की कुंडी तोड़कर कर चोर कमरे के अंदर आए और वहां से चार किलो गाय का देसी घी और लगभग दो हजार की नकदी लेकर फरार हो गया। चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए चोरों ने डाकघर के बाहर एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे को ऊपर की तरफ मोड़ दिया, ताकि वह पकड़े न जाए। लेकिन वहां साथ लगती अन्य दुकानों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों पर चोरों की नजर नहीं पड़ी।

जिससे सीसीटीवी फुटेज में डाकघर के पीछे चोरी को अंजाम देने जा रहे व्यक्ति की धुंधली तस्वीर कैद हो गई। वहीं पोस्ट असिस्टेंट रोहित शर्मा ने बताया कि डाकघर में धनराशि नहीं थी जबकि डाकघर में रखे रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की गई है। तो वहीं वैष्णो डेयरी के मालिक शीश पाल का कहना है कि चोरों ने डेयरी में अंदर लगाए सीसीटीवी कैमरे का मुंह ऊपर की तरफ कर दिया था। जबकि चिप को अपने साथ ले गए हैं।

साथ ही डेयरी में से चार किलो गाय का देसी घी और गल्ले और मंदिर में रखे गए दो हजार रुपये की नकदी चुराई गई है। पुलिस चौकी रैहन के प्रभारी कुलदीप चंद ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा अलग-अलग जगह लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।