Loading...

चंबा के तीसा में मेडिकल स्टोर के बाहर अचेत मिले युवक की मौत, ओवरडोज की आशंका

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

चंबा जिले के चुराह क्षेत्र स्थित तीसा में मेडिकल स्टोर के बाहर अचेत मिले 30 वर्षीय युवक की अस्पताल में मौत हो गई। शुरुआती जांच में अत्यधिक नशीले पदार्थ के सेवन या ओवरडोज की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

चंबा/तीसा

मृतक की पहचान चुराह के भराड़ा गांव निवासी दलीप सिंह पुत्र नेगी राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह वह सिविल अस्पताल के समीप स्थित एक मेडिकल स्टोर के बाहर अचेत अवस्था में मिला। स्थानीय निवासियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कारण

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक छानबीन में अत्यधिक नशीले पदार्थ के सेवन या ओवरडोज को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी के अनुसार, मामले की प्रत्येक पहलू से जांच की जा रही है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

Related Topics: •