उपनिदेशक ने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
ऊना जिले के उपनिदेशक प्रारम्भिक शिक्षा सोम लाल धीमान ने गुरुवार को ख्वाजा-बसाल और भलोह के राजकीय प्राथमिक व माध्यमिक पाठशालाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूलों में साफ-सफाई, मिड-डे मील व्यवस्था और शिक्षण प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।
मिड-डे मील कर्मियों और शिक्षकों को दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक ने स्कूली अध्यापकों को बच्चों की पढ़ाई पर अधिक ध्यान देने की सलाह दी। मिड-डे मील तैयार करने वाले कर्मियों को स्वच्छता का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए, जिसमें सिर पर टोपी, मुंह पर मास्क और एप्रिन का उपयोग शामिल है। साथ ही, बच्चों को पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
स्वच्छता और पानी की टंकियों की देखरेख पर जोर
उपनिदेशक ने स्कूल प्रमुखों को मिड-डे मील परोसने और तैयार करने के दौरान साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीने के पानी की टंकियों की नियमित सफाई करने और बच्चों के लिए एक स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करने की सख्त हिदायत दी।