Loading...

सिरमौर पुलिस की दोहरी कार्रवाई , पांवटा में स्मैक और भुक्की बरामद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 12 Feb 2026 Edited 12 Feb 1 min read

सिरमौर पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ अभियान चलाते हुए पांवटा साहिब में दो अलग-अलग मामलों में स्मैक और भुक्की बरामद की है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पांवटा साहिब/जिला सिरमौर

बस स्टैंड के पास स्मैक के साथ युवक काबू
पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम गश्त व गुप्त सूचनाएं एकत्र कर रही थी। इस दौरान मिली सूचना के आधार पर जल शक्ति विभाग कार्यालय के सामने गली में खड़े एक व्यक्ति की तलाशी ली गई। पुलिस ने आरोपी नितेश चौहान पुत्र चतर सिंह निवासी बनौर जिला सिरमौर के कब्जे से 3.43 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी अन्वेषण शुरू कर दिया गया है।

एसआईयू टीम ने ट्रक से भुक्की की खेप पकड़ी
दूसरे मामले में एसआईयू नाहन की टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ट्रक नंबर HP71-4471 में हरियाणा के जगाधरी क्षेत्र से भुक्की की खेप लेकर पांवटा साहिब की ओर आ रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ट्रक को रोका और तलाशी के दौरान आरोपी बिंदर कुमार पुत्र जगत राम निवासी गांव निहालगढ़, तहसील पांवटा साहिब के कब्जे से 3 किलो 14 ग्राम भुक्की/पॉपी हस्क बरामद की।

गिरोह तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और माननीय अदालत से पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और किन-किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।