उपमुख्यमंत्री दिल्ली से आए खुशखबरी लेकर

RENUKA-JI-2.jpg

222 करोड़ की किस्त रेणुका डैम के लिए.. और भी करोड़ों

HNN/शिमला

श्री रेणुका जी बांध निर्माण के लिए केंद्र की मोदी सरकार ने मंजूर किए 400 करोड़ में से 222 करोड़ रुपए की किस्त जारी कर दी है। केंद्रीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राजधानी में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात करी थी। जिसमें रेणुका बांध निर्माण के लिए मंजूर 400 करोड़ में से 222 करोड़ की किस्त जारी करने के लिए तथा अन्य योजनाओं के बजट को जारी करने के लिए उपमुख्यमंत्री ने आईपीएस मिनिस्टर का आभार भी व्यक्त किया।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में 14 लंबित पड़ी योजनाओं के 141 करोड़ में से 75 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए गए हैं। उप मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय जल विज्ञान परियोजना में 2 करोड़ 21 लाख रुपये की केंद्रीय सहायता जारी करने के लिए भी धन्यवाद किया है। उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से जल जीवन मिशन के लिए 700 करोड़ की राशि जारी करने का भी आग्रह किया। उप मुख्यमंत्री ने हाल ही में आपदा से जल शक्ति विभाग की 11,863 योजनाओं को हुई 2,132 करोड़ रुपये की क्षति से अवगत करवाया।

उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन में निर्मित 671योजनाओं को भी 614 करोड़ रुपये की क्षति हुई। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्रीय मंत्री से हिमाचल की गंभीर स्थिति के मद्देनजर वार्षिक कार्य योजना को 1274 करोड़ रुपये की राशि बहाल करने का आग्रह भी किया। केंद्रीय मंत्री ने इस मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार का आश्वासन दिया।

उप मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को हिमाचल दौरे के दौरान उनकी ओर से राज्य सरकार को लेह और लद्दाख की तर्ज पर प्रदेश के बर्फीले क्षेत्र के लिए एंटी-फ्रीज जल आपूर्ति योजनाएं बनाने को लेकर दिए गए निर्देशों के अनुसार मिशन के तहत 27 एंटी फ्रीज प्रस्तावों को मंजूरी के लिए केंद्र को भेजा है। जानकारी तो यह भी है कि , लाहौल, भरमौर काजा तथा चांगों के लिए 4 पायलट प्रस्तावों को मंजूरी भी मिल गई है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से बाकी बचे 23 प्रस्तावों को भी मंजूरी देने का आग्रह किया गया है।

अग्निहोत्री ने ऊना के बीट क्षेत्र द्वितीय चरण और कुटलैहड़ के सतही लघु सिंचाई योजनाओं के 118.79 करोड़ रुपये के भारत सरकार के पास लंबित प्रस्तावों को मंजूरी का भी आग्रह किया। अग्निहोत्री ने नमामि गंगे के तहत चिड़गांव, रोहडू, सरस्वती नगर, सोलन, कंडाघाट और ददाहू में सीवरेज प्रणाली प्रदान करने के लिए 289 करोड़ के 4 प्रस्तावों को मंजूरी तथा पीएमकेएसवाई और बाढ़ नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सूक्ष्म सिंचाई योजना नादौन, उठाऊ सिंचाई योजना बरोटी-मंडप, उठाऊ सिंचाई योजना मसोत खड्ड और सकरैण, मल्होड़ के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्यों के संबंध में लंबित धनराशि जारी करने का भी अनुरोध किया।

केंद्रीय मंत्री ने प्रस्तावों पर विचार करने का आश्वासन दिया। बरहाल श्री रेणुका जी बांध निर्माण तथा जल विद्युत प्रोजेक्ट के लिए जारी की गई 222 करोड रुपए की किस्त एक बड़ी उम्मीद की किरण भी बन गई है। बोर्ड के द्वारा काफी हद तक कई औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं लिहाजा इस डैम निर्माण को लेकर पूर्व में रहे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रयास कहीं ना कहीं अब परिणाम देते नजर आ रहे हैं।