ऊना के अंब में दवा कारोबारी के घर छापा, 2330 नशीले कैप्सूल और 24.35 लाख नकद बरामद
नशे के खिलाफ अभियान के तहत अंब में ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ लाखों रुपये की नकदी बरामद की गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
गुप्त सूचना पर ड्रग और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई
जिला ऊना में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र एवं उपमंडल अंब में एक दवा कारोबारी के घर पर ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर अंब की पंचवटी कॉलोनी स्थित एक मकान में की गई।
घर से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद
छापेमारी के दौरान टीम ने घर की गहन तलाशी ली, जिसमें प्रतिबंधित नशीली दवा ट्रामाडोल के कुल 2330 कैप्सूल बरामद किए गए। इसके साथ ही मौके से लगभग 24.35 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की गई।
थाना प्रभारी की अगुवाई में हुई कार्रवाई
इस संयुक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी अंब रूप सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर रजत शर्मा, एएसआई रणजीत सिंह, एएसआई सुनील डडवाल, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार तथा महिला कांस्टेबल नीलम कुमारी शामिल रहे। टीम सुबह से ही मकान की तलाशी में जुटी हुई थी।
एक आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी की तैयारी
ड्रग इंस्पेक्टर की सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी अंकुश (33) पुत्र दर्शन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
थाना प्रभारी रूप सिंह ने बताया कि जिला ऊना में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।