Loading...
una

ऊना में मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालात पर सरकार सतर्क, राहत और बहाली कार्यों में जिला प्रशासन युद्धस्तर पर सक्रिय

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 21 Aug 2025 • 1 Min Read

मूसलाधार बारिश से ऊना जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सरकार और जिला प्रशासन ने हालात को नियंत्रित करने के लिए राहत-बचाव और बहाली कार्यों को युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

सरकार की प्राथमिकता
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना जिले में बारिश से उत्पन्न हालात पर सरकार पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

प्रभावित क्षेत्र और चुनौतियाँ
लगातार हो रही भारी वर्षा से जिले में नदी-नाले उफान पर हैं और कई घरों में पानी घुस गया है। निजी और सरकारी संपत्तियों को नुकसान हुआ है और विकास परियोजनाओं पर भी असर पड़ा है।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि जिला प्रशासन का पूरा अमला फील्ड में सक्रिय है। लोक निर्माण, नगर परिषद, जलशक्ति, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग की टीमें सड़कों की बहाली, जलभराव और मलबा हटाने के साथ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने में जुटी हैं।

जनता से अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी-नालों के नज़दीक न जाएं, अफवाहों से बचें और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के टोल-फ्री नंबर 1077 पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।