एंटी-चिट्टा अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, एनडीपीएस मामले में चार पुलिस कर्मियों को किया गया सेवा से बाहर
Himachalnow / शिमला
हिमाचल प्रदेश में चल रहे एंटी-चिट्टा अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पुलिस कर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है।
शिमला
एनडीपीएस मामले में संलिप्त पाए गए चार पुलिस कर्मी
हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार एसटीएफ कुल्लू के चार पुलिस कर्मी थाना न्यू शिमला में दर्ज एक एनडीपीएस मामले (562 एलएसडी स्ट्रिप्स) में संलिप्त पाए गए। इसके बाद कांस्टेबल नितेश, कांस्टेबल अशोक, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार और हेड कांस्टेबल समीर कुमार को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
अब तक 21 पुलिस कर्मियों पर हुई कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी नशा संबंधित मामलों में 17 पुलिस कर्मियों को सेवा से हटाया जा चुका था। इस कार्रवाई के बाद कुल संख्या बढ़कर 21 हो गई है, जो राज्य में नशे के खिलाफ सख्त रुख को दर्शाता है।
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्ती जारी
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी या उससे जुड़े किसी भी मामले में पुलिस कर्मियों की संलिप्तता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनता से सहयोग की अपील
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाना में साझा करें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।