एचआरटीसी बस पलटी, हादसे में 12 यात्री हुए घायल
HNN/शिमला
राजधानी शिमला के ठियोग क्षेत्र में सुबह एचआरटीसी बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हादसे में 12 यात्री घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए ठियोग अस्पताल भिजवाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एचआरटीसी बस (HP 03-6127) शिमला से थरोच जा रही थी। जिस दौरान बस सैंज के लेलूपुल के साथ ड्रेनेज में पलट गई।
गनीमत रही कि बस पहाड़ी की ओर पलटी जिस कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। यदि बस सड़क से बाहर की ओर पलटती तो बड़ा हादसा हो सकता था। बता दें कि बस में करीब 35 यात्री सवार थे। जिनमें से 10-12 यात्री घायल हुए हैं। जिन्हें स्थानीय लोगों द्वारा बस से बाहर निकला गया।
जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए ठियोग अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के बाद डॉक्टर ने सभी घायलों को खतरे से बाहर बताया है। वहीं पुलिस ने मामले को दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।