Loading...

हादसा / विवेक के इलाज के लिए एक लाख की मदद, चार लाख अतिरिक्त देने के निर्देश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हादसा / हरोली विधानसभा क्षेत्र के ईसपुर गांव निवासी विवेक कुमार के उपचार के लिए उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। उन्होंने हादसे में हुई गंभीर क्षति को देखते हुए बिजली विभाग को चार लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता जल्द उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए। हाई-वोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल विवेक का एम्स बिलासपुर में उपचार चल रहा है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

ऊना से चंडीगढ़ जाते समय मुकेश अग्निहोत्री एम्स बिलासपुर पहुंचे और विवेक के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उसके उपचार के बारे में बातचीत की और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। हादसे में विवेक को अपना एक हाथ गंवाना पड़ा है, जबकि दूसरे हाथ की उंगलियां भी काटनी पड़ी हैं। विवेक के पिता सोमनाथ फोटोग्राफी का काम करते हैं और परिवार इस समय कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को विवेक की उचित देखभाल और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने पीड़ित परिवार की परेशानी को देखते हुए उपचार में सहयोग की पहल की और अपनी ओर से एक लाख रुपये दिए। इसके साथ ही बिजली विभाग को चार लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि विवेक के उपचार और देखभाल के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा।

Related Topics: •