Loading...

एनआईएमसीईटी में ईशांत पहाड़िया का शानदार प्रदर्शन, अखिल भारतीय स्तर पर 314वीं रैंक हासिल

Shailesh Saini • 30 Jun 2026 • 1 Min Read

शिशु विद्या निकेतन के पूर्व छात्र ने बढ़ाया सिरमौर का मान, विद्यालय में खुशी की लहर

हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

जिला सिरमौर के लिए गर्व की खबर है। शिशु विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल, नाहन के पूर्व छात्र ईशांत पहाड़िया ने एनआईटी एमसीए कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (एनआईएमसीईटी) में अखिल भारतीय स्तर पर 314वीं रैंक हासिल कर विद्यालय, अपने परिवार और पूरे सिरमौर का नाम रोशन किया है।

ईशांत प्रतिष्ठित पत्रकार रमेश पहाड़िया और सुनीता पहाड़िया के सुपुत्र हैं। उनकी माता वर्तमान में डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज, नाहन में कार्यरत हैं। ईशांत का मूल निवास शिलाई क्षेत्र के ग्राम नाया में है। उन्होंने अपनी बारहवीं की शिक्षा शिशु विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल, नाहन से पूरी की थी।

ईशांत की इस उपलब्धि पर विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य कुन्दन ठाकुर ने उन्हें और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि ईशांत भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के बल पर नई ऊंचाइयों को छुएंगे तथा प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और समस्त स्टाफ ने भी ईशांत की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय परिवार ने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन का परिणाम हैं।ईशांत की इस सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे सिरमौर में खुशी की लहर है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उनकी उपलब्धि प्रेरणा का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।

Related Topics: