Loading...

एनएच-707 पर निर्माणाधीन कंपनी का क्रशर व मिक्सचर प्लांट सील

Ankita • 7 Jul 2024 • 1 Min Read

पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने एनजीटी के आदेश पर की कार्यवाही

HNN/ नाहन

हिमाचल प्रदेश के पहले ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण में लगी आरजीवी कंपनी के क्रशर व मिक्सचर प्लांट को पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने एनजीटी के आदेश पर सील कर दिया है। कुछ समय पूर्व एनजीटी तथा हाई पावर कमेटी की टीम ने निर्माणाधीन पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा नेशनल हाईवे 707, जोकि हिमाचल प्रदेश का पहला ग्रीन कॉरिडोर है इसका निरीक्षण किया था।

स्थानीय लोगों की शिकायतें तथा बिना एनओसी के चल रहे मिक्सचर प्लांट के साथ-साथ बिना प्रदूषण नियंत्रण संयंत्र के चल रहे क्रशर प्लांट को भी एनजीटी तथा प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड राज्य मुख्यालय शिमला के निर्देश पर यह कार्यवाही की गई है। इस कार्यवाही में एसडीएम कफोटा तथा पुलिस टीम भी साथ रहे। बता दें कि हिमाचल प्रदेश के पहले ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे फेस का काम आरजीवी कंपनी कर रही है।

आरजीवी कंपनी के पास हैवाना से लेकर टिंबी तक का एरिया है। शनिवार को एसडीएम कफोटा राजेश वर्मा के नेतृत्व में पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड पांवटा साहिब के क्षेत्रीय अधिकारी अतुल परमार ने कार्रवाई को अंजाम दिया। आरजीवी कंपनी के खिलाफ ग्रामीण ने एनजीटी और हाई पावर कमेटी को शिकायतें की थी, कि आरजीवी कंपनी क्रशर प्लांट से भारी धूल मिट बाहर उड़ रही है, जिससे ग्रामीणों को कई तरह की बीमारियां लग रही है।

साथ ही इस धूल मिट्टी से किसानों की फसले और पशु चारा भी खराब हो रहा है। पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा नेशनल हाईवे 707 का निर्माण जब से ग्रीन कॉरिडोर के लिए शुरू हुआ है, यह एनएच विवादों में ही है। इस ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण में कंपनियों द्वारा भारी अनियमितताएं बरती जा रही है। निर्माणाधीन कंपनियां द्वारा की जा अवैधानिक कटिंग के चलते यह सड़क अक्सर बंद रहती है। सड़क निर्माण के दौरान कई लोग अपनी जान भी गवां चुके हैं।

वहीं एसडीएम कफोटा राजेश वर्मा ने बताया कि एनजीटी के आदेश पर पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों ने आरजीवी कंपनी के खिलाफ कार्यवाही की है। उधर, जब इस संदर्भ में पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड पांवटा साहिब के क्षेत्रीय अधिकारी अतुल परमार से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि एनजीटी तथा राज्य मुख्यालय के आदेश पर बिना परमिशन, बिना एनओसी के चल रहे मिक्सर प्लांट तथा बिना प्रदूषण नियंत्रण संयंत्र के चल रहे क्रशर प्लांट को अगले आदेशों तक सील कर लिया गया है।