ऑक्सीजन की कमी के चलते नाहन की माधुरी कंवर की गई जान
मेडिकल कॉलेज नाहन से किया था पीजीआई रेफर, रास्ते में ही खत्म हो गया ऑक्सीजन सिलेंडर
HNN/ नाहन
जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में एक दुखद घटना सामने आई है, यहां ऑक्सीजन की कमी के चलते एक महिला की जान चली गई है। वहीं महिला की मौत को लेकर डॉ वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
क्योंकि महिला को नाहन से पीजीआई रेफर किया गया था, परंतु रास्ते में ही सिलेंडर खत्म होने के चलते उसने दम तोड़ दिया। बता दें जिस महिला की मौत हुई है वह नया बाजार की रहने वाली है और उनका नाम माधुरी कंवर है। वहीं अब मृतक महिला की बेटी ‘एकता’ ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोला है।
जानकारी के मुताबिक, माता को 8 जुलाई की शाम को मेडिकल कॉलेज से पीजीआई रेफर किया गया। महिला बगैर ऑक्सीजन के नहीं रह सकती थीं। सरकारी एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलिंडर की सहायता से पीजीआई रेफर किया गया। कुछ किलोमीटर दूर ये सिलिंडर खत्म हो गए।
एंबुलेंस में मौजूद दूसरे सिलिंडर का इस्तेमाल किया गया। वह भी करीब 10 किलोमीटर दूर मोगीनंद के पास खत्म हो चुका था। इसकी सूचना जब एकता को मिली तो वह ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर मोगीनंद निकली, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही मां ने दम तोड़ दिया।
एकता ने ऑक्सीजन की कमी के कारण अपनी मां के निधन पर मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल, मेडिकल अधीक्षक व मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शिकायत पत्र भी सौंपा है।
बता दें रेफर करने के दौरान जब अस्पताल में मौजूद स्टाफ से पूछा गया था तो उन्होंने ये बताया था कि दोनों सिलेंडरों में ऑक्सीजन प्रचुर मात्रा में मौजूद है। मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजीव तुली ने संपर्क किए जाने पर शिकायत मिलने की पुष्टि की है।