कंडईवाला में भारी बारिश का कहर, एक गौशाला सहित 3 पशु बहे

By Ankita Published: 13 Aug 2023, 9:02 PM | Updated: 13 Aug 2023, 9:02 PM 1 min read

बारिश से लोगों का जन जीवन अस्त व्यस्त, हुआ भारी नुक्सान……

HNN/ नाहन

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश जमकर अपना कहर बरपा रही है। भारी बारिश के चलते जगह-जगह भूस्खलन का सिलसिला भी जारी है। इसके अलावा प्रदेश के कई हिस्सों में बादल फटने जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं। वहीं प्रदेश के जिला सिरमौर की बात करें तो यहां भी बारिश जमकर तबाही मचा रही है।

बर्मा पापड़ी पंचायत के कंडईवाला गांव में रविवार शाम को भारी मात्रा में पानी और मलबा आने से गोशाला समेत तीन पशु बह गए। इसके अलावा एक ट्रैक्टर और वर्कशॉप के बाहर खड़ी एक दर्जन बाइकें, स्कूल बस व एक कार भी मलबे की चपेट में आ गए। किसानों की करीब 30 बीघा जमीन भी मलबे की भेंट चढ़ गई है।

रविवार दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश के चलते शिव मंदिर के पास आने वाले नाले में भारी मात्रा में पानी और मलबा आ गया। इस दौरान पंचायत के उपप्रधान और कंडईवाला निवासी राजेंद्र चौहान की वर्कशॉप आगे खड़ी बाइकें बह गईं। वहीं एक स्कूल बस को भी नुकसान पहुंचा।

वही, त्रिलोकपुर और कला अंब में भी भारी बारिश के चलते घरों में पानी घुस गया है। इसके अलावा सड़के भी जलमग्न हो गई है। जिसके चलते लोग दुकानों को छोड़कर अपनी छतों पर आ गए। अंदेशा यह भी जताया जा रहा है कि यहां बादल फटा है। इसके अलावा कई फैक्ट्रियों में भी पानी घुसने का समाचार प्राप्त हुआ है।