HNN/सोलन
जिला सोलन में औद्योगिक क्षेत्र परवाणू के तहत आने वाले पूरला गांव में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि उसकी माँ गंभीर रूप से घायल हुई है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय गोविंदा पुत्र सोमनाथ निवासी पूरला के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोविंदा घर की साथ लगती एक कंपनी में काम करता था। दिवाली के दिन सुबह करीब 10:30 बजे कंपनी में पूजा करके घर वापिस आया था। जिसके बाद वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर की सफाई कर रहा था।
इस दौरान छत पर बंदर आ गए, जिन्हें भगाने के लिए वह छत पर गया। इसी दौरान जब उसने छत पर रखा सरिया उठाया तो वह एचटी लाइन को छू गया और उसे करंट लग गया। तभी उसकी मां उसे बचाने आई तो वह भी करंट की चपेट में आ गई।
जिसके बाद दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने गोविंदा को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जबकि उसकी माँ की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रेफर किया गया है।

