करसोग की अनुष्का को राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में मिला प्रथम स्थान
HNN / मंडी
30वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2022 का आयोजन आईआईटी मंडी कमांड में 31 दिसंबर से 3 जनवरी 2023 तक किया गया था। राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के समापन समारोह में मुख्यातिथि के रूप में घुमारवीं के विधायक राजेश धर्माणी ने शिरकत की और विजेताओं को सम्मानित किया। चार दिवसीय बाल विज्ञान कांग्रेस में 600 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
विधायक राजेश धर्माणी ने बाल विज्ञान कांग्रेस में युवा वैज्ञानिकों द्वारा बनाए मॉडल का भी अवलोकन किया। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। इसमें करसोग की अनुष्का ने क्विज अर्बन कैटेगरी में प्रथम स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर कॅरिअर बनाने में मदद मिल सके।
उन्होंने कहा कि हिमाचल को कार्बन न्यूट्रल राज्य बनाने के लिए सार्थक कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए आम नागरिकों के साथ-साथ विद्यार्थियों को भी जागरूक करना जरूरी है। राजेश धर्माणी ने कहा कि विद्यार्थियों को विज्ञान प्रदर्शिनियों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए। इससे विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान प्राप्त होने के साथ-साथ विज्ञान विषय के प्रति दिलचस्पी भी बढ़ेगी।