कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक युवक की मौत, दूसरा पीजीआई रेफर

By Ankita Published: 19 Jul 2023, 11:08 AM | Updated: 19 Jul 2023, 11:08 AM 1 min read

HNN/ सोलन

जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां कार के दुर्घटना ग्रस्त होने से एक युवक की मौत हो गई है। जबकि 2 युवक जख्मी हुए है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। मृतक की पहचान शुभम बग्गा (23) पुत्र किशोरी बग्गा निवासी सकरी तहसील हरिपुर (कांगड़ा) के रूप में हुई है जबकि अंकित निवासी रक्कड़ देहरा गंभीर रूप से घायल है जिसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। वहीं अतुल निवासी देहरा को हल्की चोट लगी है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, 4 युवक शुभम, अंकित, अतुल और एक अन्य कार में घूम रहे थे। कार अंकित चला रहा था और शुभम आगे चालक के साथ बैठा था। ट्रक यूनियन के पास युवकों ने एक ट्रक से पास लिया तो कार ट्रक की तरफ घूम गई और ट्रक से टकरा गई।

इससे कार की कंडक्टर साइड वाली खिड़कियां प्रैस हो गईं और 2 युवक कार में फंस गए, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। हादसे में शुभम ने दम तोड़ दिया जबकि अंकित को पीजीआई ले जाया गया। वहीं अतुल का स्थानीय अस्पताल में एक्स-रे करवाया जा रहा है। अभी तक चौथे युवक के बारे में पता नहीं चल पाया है क्योंकि वह हादसे के बाद मौके से चला गया। बता दें कि युवक बद्दी में पढ़ाई करते हैं और ट्रक यूनियन के पास उनका कमरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags: