कार ने ओवरटेक करते हुए बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दो घायल
HNN/बिलासपुर
जिला बिलासपुर में किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर एक सड़क हादसा पेश आया है। जहां थापना में एक कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हुए हैं। घायलों की पहचान रोहित ठाकुर निवासी गांव कसवाड डाकघर मसयाणा हमीरपुर और शुभम के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहित ठाकुर अपने दोस्त शुभम के साथ बाइक पर सवार होकर चंडीगढ़ से घर आ रहा था। इसी दौरान जब वह फोरलेन की टनल नंबर 2 थापना के सामने पहुंचे वहां पुल एक साइड से यातायात के लिए बंद था। दोनों तरफ का यातायात पुल के एक साइड से ही गुजर रहा था।
उसी दौरान सामने से आ रही एक कार ने अन्य गाड़ियों को ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बाइक सवार के बयान के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। डीएसपी श्री नयनादेवी जी विक्रांत बोंसरा द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।