कार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दो घायल

By PARUL Published: 15 Dec 2023, 10:58 AM | Updated: 15 Dec 2023, 10:58 AM 1 min read

HNN/सोलन

जिला सोलन में अर्की क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लुटरु महादेव मंदिर संपर्क मार्ग पर एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक कार ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों व्यक्ति घायल हुए हैं। घायलों की पहचान मनोज शर्मा और उसके पिता अभिराम निवासी वार्ड एक बनेडी (अर्की) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मनोज शर्मा अर्की से दुकान बंद करके घर जा रहा था तो उसी दौरान इसके पिता का फोन आया। उसके पिता ने कहा कि वह भी अर्की अस्पताल के मेन गेट के पास रुके हैं। जिसके बाद मनोज ने वहां से पिता को साथ लिया और घर की ओर चल पड़ा। इसी दौरान जब वह लिंक रोड लुटरु महादेव से आगे पहुंचे तो एक कार चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे कि दोनों सड़क पर गिर गए।

इतना ही नहीं शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि चालक ने कार भी दोनों पर चढ़ाने की कोशिश की और मौके से कार भगाकर भी ले गया। गनीमत रही कि बाइक पर सवार दोनों व्यक्ति ठीक हैं। जिसके बाद उन्होंने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत दर्ज के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी संदीप शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।