कार सवार व्यक्ति पर सरिये से किया हमला, गंभीर रूप से घायल
HNN/चंबा
जिला चंबा में सेईकोठी के पास कार सवार व्यक्ति को वाहन से उतारकर सरिये के हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में कार सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। हमले में कार को भी नुकसान हुआ है। घायल की पहचान गजिंद्र सिंह पुत्र लाल चंद निवासी गांव जुकयाणी डाकघर खुशनगरी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गजिंद्र सिंह अपनी कार से प्रीतमास में जरूरी सामान लेने गए थे। जब वह वापिस लौट रहे तो सेईकोठी के पास विक्की निवासी सेईकोठी ने उनका रास्ता रोक लिया। इसी दौरान आरोपी ने गजिंद्र सिंह को कार से बाहर खींचा और सरिये से हमला करना शुरू कर दिया। हमले के दौरान गजिंद्र खून से लथपथ हो गया और जमीन पर गिर पड़ा। जिसके बाद आरोपी ने उसकी कार को सरिये से हमला कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
हमले के बाद घायल के चीखने के आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गजिंद्र सिंह के परिजनों को सूचना दी और उसे घायल अवस्था में तीसा अस्पताल ले गए। जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टर ने उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही तीसा थाना की टीम मौके पर अस्पताल पहुंची और घायल का बयान दर्ज किया। घायल के बयान के आधार पर पुलिस ने विक्की के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपी विक्की को पूछताछ के लिए थाने में बुला सकती है। एसपी अभिषेक यादव द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।