Loading...

कालाअंब–त्रिलोकपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर से टकराई बाइक में दंपत्ति की मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 19 Feb 2026 • 1 Min Read

सिरमौर जिले के कालाअंब–त्रिलोकपुर संपर्क मार्ग पर ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में पति-पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

कालाअंब/त्रिलोकपुर

गलत ओवरटेक बना हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार तीन लोग गलत दिशा से ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे ट्रैक्टर के टायर से टकरा गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर पीछे बैठे पति-पत्नी उछलकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

चालक मौके से फरार

हादसे के दौरान बाइक चला रहा व्यक्ति दूसरी ओर गिर गया और घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।