Loading...

कालाअंब में STF की बड़ी कार्रवाई, दो युवकों से 11.46 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

पांवटा साहिब में दो अलग-अलग सड़क हादसों के मामले दर्ज, युवती समेत चार लोग घायल, एक की हालत गंभीर

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नाहन

सिरमौर जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में STF शिमला की टीम ने कालाअंब थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को 11.46 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी हरियाणा के जिला अंबाला के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर को STF शिमला की टीम कालाअंब क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि मोटरसाइकिल नंबर HR02AJ4689 पर सवार दो व्यक्ति नशीले पदार्थ की खेप लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से 11.46 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

आरोपियों की पहचान गगनदीप (32) निवासी बेरखेड़ी माजरा तथा सन्नी कुमार (30) निवासी सकरपुरा, तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।

पांवटा साहिब में दो सड़क हादसों के मामले दर्ज

उधर, पांवटा साहिब थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पहले मामले में एक युवती भावना को मोटरसाइकिल की टक्कर लगने से गंभीर चोटें आई हैं। शिकायतकर्ता कृष्णकांत के अनुसार 26 अक्टूबर की रात करीब 8:26 बजे उसकी बहन भावना पांवटा साहिब स्थित आईटीआई के सामने सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे मोटरसाइकिल चालक ने उसे टक्कर मार दी। घायल भावना को पहले सरकारी अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते देहरादून के सिनर्जी अस्पताल रेफर किया गया। वहां उसका उपचार जारी है।

दूसरे मामले में 7 नवंबर की शाम करीब 5:15 बजे धौलाकुआं की ओर जा रहे मोटरसाइकिल सवार तीन युवक हादसे का शिकार हो गए। शिकायतकर्ता चांद के अनुसार मोटरसाइकिल नंबर HP17F-7034 पर वह साहवेज और सयान के साथ जा रहा था। ट्रक यूनियन गोन्दपुर से आगे डीएफओ कार्यालय के समीप ब्रेकर पर चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते मोटरसाइकिल से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बाइक सड़क किनारे बनी सीमेंटेड रेलिंग से जा टकराई। हादसे में तीनों युवक घायल हो गए, जबकि साहवेज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिए रेफर किया गया।

दोनों सड़क हादसों में पुलिस थाना पांवटा साहिब में अलग-अलग अभियोग दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने कालाअंब में चिट्टा बरामदगी और पांवटा साहिब में सड़क दुर्घटनाओं के दोनों मामलों की पुष्टि की है। पुलिस द्वारा सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।