नाहन-शिमला नेशनल हाईवे पर लादू के जंगल में मिला महिला का शव
इलाके में फैली सनसनी शव दो से तीन दिन पुराना होने की आशंका, शरीर पर चोटों के निशान; हत्या और हादसे दोनों पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
जिला सिरमौर में नाहन-कुमारहट्टी-शिमला नेशनल हाईवे-907ए पर लादू के जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव से उठ रही तेज दुर्गंध के बाद ग्रामीणों को इसका पता चला। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है।
जानकारी के अनुसार बनेठी पंचायत के पूर्व उपप्रधान राजकुमार ठाकुर को ग्रामीणों ने हाईवे के किनारे जंगल से दुर्गंध आने की सूचना दी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे तो वहां एक महिला का शव पड़ा हुआ मिला। उन्होंने तुरंत नाहन सदर पुलिस थाना को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर चोटों के निशान पाए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस दुर्घटना के साथ-साथ हत्या की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी मौके पर बुलाया है, ताकि घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा सकें। साक्ष्यों की सुरक्षा के मद्देनजर शव को फिलहाल घटनास्थल से नहीं हटाया गया है। रविवार को मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
उधर, सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शनिवार शाम ग्रामीणों के माध्यम से लादू के जंगल में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम को भी सूचित किया गया है। मृतका की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम तथा पुलिस जांच के बाद ही चल पाएगा।