किलाड़ अस्पताल के डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत
HNN/चंबा
जिला चंबा के तहत आने वाले पांगी क्षेत्र में नागरिक अस्पताल किलाड़ के डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृत डॉक्टर की पहचान डॉ. रविंद्र निवासी उलांसा तहसील भरमौर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. रविंद्र शनिवार की रात को अस्पताल में ड्यूटी पूरी करने के बाद कुछ दूरी पर स्थित अपने मकान में चले गए।
जिसके बाद अगले दिन उनका किसी से भी कोई संपर्क नहीं हुआ। लेकिन जब सोमवार की सुबह 12:00 बजे तक वह ओपीडी में नहीं पहुंचे तो अस्पताल प्रबंधन ने फोन कर उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन किसी ने भी नहीं उठाया। जिसके बाद अस्पताल का स्टाफ उनके मकान में पहुंचा तो कमरे के दरवाजा अंदर से बंद था।
जिसके बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। सुचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़ कर अंदर गई। कमरे में उन्होंने देखा कि डॉक्टर बेसुध पड़े हुए हैं। वहां पर मौजूद अन्य चिकित्सकों ने जब उनकी नब्ज चेक की तो वह मृत मिले। जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस थाना किलाड़ के एएसआई सुशील कुमार द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में आगामी कार्यवाही कर रही है।